, Aug. 24 -- उज्जैन, 24 अगस्त (वार्त) मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में श्रावण सोमवार की चतुर्थ सवारी के अवसर पर श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
मंदिर प्रबंध समिति की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार सवारी के दौरान श्रद्धालुओं एवं आमजन को पौधारोपण के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से 11 हजार पौधों का वितरण किया जाएगा। अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
अभियान के तहत "प्रकृति की रक्षा, महाकाल की सच्ची भक्ति" का संदेश दिया जाएगा। श्रद्धालुओं से प्लास्टिक का उपयोग त्यागने, कम से कम एक पौधा लगाने, मां शिप्रा को स्वच्छ रखने तथा पूजन सामग्री और निर्माल्य नदी में नहीं डालकर निर्धारित पात्रों में डालने की अपील की जाएगी।
समिति द्वारा "आस्था भी, स्वच्छता भी-यही महाकाल की सेवा है", "जल है तो कल है, नदी है तो जीवन है" तथा "महाकाल के भक्त बनें, प्रकृति के रक्षक बनें" जैसे संदेशों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना जागृत की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित