पटना , जून 19 -- ्रावणी मेला 2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं को मेले के दौरान गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग द्वारा सभी संबंधित जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने, अस्थायी स्वास्थ्य शिविरों की स्थापना, चिकित्सकीय मानव संसाधन की उपलब्धता तथा आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया है।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि 30 जुलाई 2026 से प्रारंभ होने वाले श्रावणी मेला के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की व्यापक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, एम्बुलेंस सेवाओं तथा आपदा प्रबंधन संबंधी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने बांका, भागलपुर, जमुई, मुंगेर, मुजफ्फरपुर, सारण, वैशाली, दरभंगा, पूर्वी चम्पारण, जहानाबाद, लखीसराय, मधुबनी, समस्तीपुर एवं सिवान सहित श्रावणी मेला से जुड़े सभी जिलों के सिविल सर्जनों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में की जा रही तैयारियों का विस्तृत प्रतिवेदन विभाग को उपलब्ध कराएं। साथ ही सुल्तानगंज- देवघर कांवरिया पथ एवं राज्य के अन्य प्रमुख मेला क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित