भागलपुर , सितंबर 09 -- बिहार में पूर्व रेलवे के मालदा मंडल के भागलपुर- जमालपुर रेलखंड के सुल्तानगंज स्टेशन पर विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला के दौरान उत्कृष्ट एवं कर्तव्यनिष्ठ कार्य करने वाले 22 रेल कर्मचारियों को बुधवार को सम्मानित किया गया है। इस वर्ष सुल्तानगंज में पूरे सावन मास तक संचालित श्रावणी मेला के दौरान इस स्टेशन (सुल्तानगंज) पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के मद्देनजर विभिन्न विभागों के रेलकर्मियों द्वारा श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की सुरक्षित,सुगम और सुविधाजनक आवाजाही सुनिश्चित करने में निभाए गए महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए मालदा के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक अमरेन्द्र कुमार मोर्य ने 22 रेलकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

सम्मानित कर्मचारियों में वाणिज्यिक, परिचालन, सुरक्षा एवं जनसंपर्क विभागों के साथ-साथ चिकित्सा, यांत्रिक, विद्युत, इंजीनियरिंग तथा सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग के कर्मचारी शामिल हैं। उन्होंने श्रावणी मेला के दौरान पूरे एक महीने तक उत्कृष्ट कार्य निष्पादन, समर्पण एवं जिम्मेदारी की भावना का परिचय दिया।

इन सभी कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से प्रभावी भीड़ प्रबंधन, यात्रियों की सहायता, श्रद्धालुओं की सुचारू आवाजाही तथा सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा व्यवस्था सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण योगदान मिला।

यह सम्मान अत्यधिक यात्री दबाव वाले इस महत्वपूर्ण अवधि के दौरान प्रतिबद्धता, अनुशासन एवं व्यावसायिक दक्षता के साथ कार्य करने वाले रेल कर्मयोगियों के प्रति आभार एवं प्रशंसा की अभिव्यक्ति है। उनका निस्वार्थ सेवा भाव एवं टीम भावना जनसेवा की भावना तथा यात्री-केंद्रित कार्यप्रणाली को प्रतिबिंबित करता है।

यह सम्मान उत्कृष्ट कार्य निष्पादन को प्रोत्साहित करने तथा रेल कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के लिए मालदा मंडल की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करता है। रेलकर्मियों के अथक प्रयास सुरक्षित, निर्बाध एवं यात्री-अनुकूल रेल सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित