पटना , अगस्त 23 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को कहा कि श्रावणी मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था, एकता और संकल्प का अद्भुत प्रतीक है।श्री चौधरी आज लोक सेवक स्थित 'संकल्प' सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भागलपुर जिला के सुल्तानगंज के धानिक बेलारी पंचायत में श्रावणी मेला के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुये। इस अवसर पर सुल्तानगंज में भव्य ड्रोन शो का आयोजन किया गया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि भागलपुर, बांका और मुंगेर जिले में लगभग 100 किलोमीटर की यात्रा में एक-एक व्यक्ति किसी न किसी रूप में श्रावणी मेला से जुड़ता है। उन्होंने कहा कि सुल्तानगंज से गंगा जल लेकर शिवभक्त कांवरिया बोल बम के नारे के साथ बाबा बैद्यनाथ धाम में भगवान शिव को जल अर्पित करते हैं। यह विश्व के सबसे बड़े समाजवाद का उदाहरण है, जिसमें एक बोली, एक कपड़ा और एक लक्ष्य होता है। श्रद्धालु पूरी भक्ति भावना के साथ भगवान शिव की आराधना में लीन होते हुये पैदल यात्रा कर बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचते हैं। इस कठिन यात्रा के दौरान इस क्षेत्र के लोग पूरी श्रद्धा के साथ श्रद्धालुओं की सेवा करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जिस जगह पर कार्यक्रम का आयोजन हुआ है, भागलपुर, मुंगेर और बांका का संगम स्थल है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि श्रावणी मेले का बेहतर ढंग से आयोजन होता रहे। श्रद्धालु सुरक्षित होकर सुगमतापूर्वक अपनी यात्रा करें। श्रावणी मेला के दौरान प्रशासन को स्वास्थ्य,बिजली, पेयजल, शौचालय सहित अन्य सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था का निर्देश दिया गया है। श्रद्धालुओं से मुझे जो जानकारी मिली, उसमें बेहतर सुविधाओं की व्यवस्था की गयी है। साथ ही पैदल पथ पर अच्छे बालू का इंतजाम किया गया है।उन्होंने कहा कि सुल्तानगंज ब्रिज नवंबर 2027 में चालू होगा, जबकि बाढ़ के कारण भागलपुर के बिक्रमशीला पुल की मरम्मती का कार्य 15 दिनों बाद पुनः शुरू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी कामना है कि भगवान शिव की कृपा हम सब पर बनी रहे, बिहार समृद्ध हो और हमारा देश विकसित हो।उन्होंने कहा कि ड्रोन के माध्यम से लेजर शो का भी आयोजन किया जा रहा है। सभी श्रद्धालु और इस क्षेत्र के लोग इसका आनंद उठायें।
बैठक में मुख्यमंत्री का प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, संजय कुमार सिंह, पर्यटन विभाग के निदेशक उदयन मिश्रा, बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक नंदकिशोर उपस्थित थे, जबकि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र, सांसद अजय मंडल, विधायक ललित नारायण मंडल, अन्य जनप्रतिनिधिगण, भागलपुर के जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पाण्डेय, भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव सहित अन्य वरीय पदाधिकारी जुड़े हुये थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित