रायपुर , जुलाई 20 -- छत्तीसगढ़ सहित मध्य भारत से श्रावणी मेला के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने एक अगस्त से 30 अगस्त तक नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी-मधुपुर-नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष रेल सेवा दोनों दिशाओं में पांच-पांच फेरे लगाएगी।
रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 08895 प्रत्येक शनिवार एक, आठ, 15, 22 और 29 अगस्त को सुबह 4:30 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी से रवाना होगी। यह ट्रेन गोंदिया, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा, रायगढ़, बेलपहाड़ और ब्रजराजनगर सहित निर्धारित स्टेशनों पर ठहराव करते हुए अगले दिन सुबह छह बजे मधुपुर पहुंचेगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 08896 प्रत्येक रविवार दो, नौ, 16, 23 और 30 अगस्त को सुबह नौ बजे मधुपुर से प्रस्थान करेगी और अगले दिन 11:50 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी पहुंचेगी। वापसी यात्रा में भी ट्रेन रायगढ़, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, डोंगरगढ़ और गोंदिया समेत प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
रेलवे ने बताया कि विशेष ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें चार एसी थर्ड, 10 स्लीपर, चार जनरल तथा दो एसएलआरडी (गार्ड सह लगेज एवं दिव्यांगजन) कोच शामिल रहेंगे।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने कहा है कि श्रावणी मेला के दौरान यात्रियों की सुविधा और बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए यह विशेष रेल सेवा शुरू की जा रही है। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा की अग्रिम योजना बनाने तथा प्रस्थान से पहले ट्रेन के समय, ठहराव और अन्य आवश्यक जानकारी रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से अवश्य प्राप्त करने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित