रायपुर , सितंबर 16 -- छत्तीसगढ़ सरकार के श्रम विभाग ने श्रम क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्रमिकों और संस्थाओं से दिवंगत रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार-2025-26 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। चयनित श्रमिक अथवा संस्था को दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
श्रम विभाग के अनुसार पुरस्कार के लिए ऐसे श्रमिक और संस्थाएं पात्र होंगी, जिन्होंने एक अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के दौरान श्रम क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं उत्कृष्ट कार्य किया हो। विशेष रूप से श्रमिकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए प्रभावी उपाय करने तथा पूरे वर्ष गंभीर दुर्घटना नहीं होने जैसे कार्यों को चयन में प्राथमिकता दी जाएगी।
इसके अलावा कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों के व्यापक प्रचार-प्रसार, सुरक्षित कार्य वातावरण को बढ़ावा देने और श्रमिकों के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले श्रमिकों एवं संस्थाओं के योगदान को भी चयन का आधार बनाया जाएगा।
विभाग ने पात्र श्रमिकों और संस्थाओं से पांच अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। आवेदन श्रम विभाग की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन प्रस्तुत किए जा सकेंगे। पुरस्कार से संबंधित नियम, पात्रता, प्रक्रिया और आवेदन प्रपत्र भी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
विभाग के मुताबिक इस पुरस्कार का उद्देश्य श्रमिक सुरक्षा, स्वस्थ कार्य संस्कृति और कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों को मजबूत करने की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्रमिकों एवं संस्थाओं को प्रोत्साहित करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित