मुरादाबाद , मई 20 -- उत्तर प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि प्रदेश के श्रमिकों को विदेशों में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए सेवायोजन विभाग द्वारा विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जर्मन, रशियन, जापानी और अंग्रेजी जैसी भाषाओं का ज्ञान होने से श्रमिकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार प्राप्त करने में आसानी होगी। बुधवार को स्थानीय पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में आयोजित मंडलीय समीक्षा बैठक के दौरान श्रम मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रमिक पंजीयन के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएं और सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। मंत्री ने कहा कि विभागीय प्रयासों में कमी के कारण कई पात्र श्रमिक अब तक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। इसे दूर करने के लिए कलेक्ट्रेट, विकास भवन, तहसील और ब्लॉक मुख्यालयों पर होर्डिंग लगाकर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

श्री राजभर ने नियमित अंतराल पर हितलाभ वितरण कार्यक्रम आयोजित करने और उनमें जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित करने के भी निर्देश दिए। रोजगार के मुद्दे पर चर्चा करते हुए श्रम मंत्री ने सेवायोजन विभाग को अधिक से अधिक रोजगार मेलों के आयोजन का लक्ष्य दिया, ताकि स्थानीय स्तर पर बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा सके।

उन्होंने सहायक निदेशक कारखाना को कारखानों के पंजीकरण की संख्या बढ़ाने, औद्योगिक इकाइयों में नवाचार को प्रोत्साहित करने तथा सभी उद्योगों को सरकार द्वारा बढ़ाई गई न्यूनतम मजदूरी की नई दरों की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित