श्रीनगर , अप्रैल 24 -- श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार श्रमिकों की गरिमा, सुरक्षा तथा बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है और श्रमिक कल्याण की योजनाओं को महत्व देना उनकी प्राथमिकता है।
डॉ मांडविया ने जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले के ओमपोरा में 30 बिस्तरों वाले कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) अस्पताल का उद्घाटन करते हुए कहा कि यह कश्मीर क्षेत्र का पहला ईएसआईसी अस्पताल है, जिससे श्रमिकों और उनके परिवार के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और सामाजिक सुरक्षा ढांचे को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि 165 करोड़ रुपये की लागत से बने इस अस्पताल में भविष्य में 100 बिस्तरों तक विस्तार की सुविधा दी जाएगी। अस्पताल से 50,000 से अधिक श्रमिकों और उनके परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है।
केंद्रीय मंत्री ने इस दौरान आयोजित सभा को सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जो देश अपने श्रमिकों की गरिमा को महत्व देता है, वह प्रगति के पथ पर अजेय रहता है। श्रमिकों के अथक परिश्रम से ही राष्ट्र आगे बढ़ता है और इसलिए उनका कल्याण सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। उनका कहना था कि उनकी सरकार प्रत्येक श्रमिक को गरिमा, सुरक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि श्रमिक कल्याण के क्षेत्र में भारत को वैश्विक मान्यता मिली है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में देश की उपलब्धियों को सराहा गया है। उन्होंने बताया कि देश में सामाजिक सुरक्षा कवरेज 2015 के 19 प्रतिशत से बढ़कर 2025 में 64.3 प्रतिशत हो गई है। चार नई श्रम संहिताओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन सुधारों से श्रम व्यवस्था अधिक पारदर्शी, आधुनिक और श्रमिक-केंद्रित बनी है तथा इन संहिताओं के तहत वार्षिक स्वास्थ्य जांच, अनिवार्य नियुक्ति पत्र और न्यूनतम मजदूरी जैसे महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। ईएसआईसी अस्पतालों के माध्यम से वार्षिक स्वास्थ्य जांच से श्रमिकों को निवारक स्वास्थ्य देखभाल मिलेगी और उनके स्वास्थ्य की समय रहते पहचान संभव होगी।
डॉ मांडविया ने कहा कि वर्ष 1952 में स्थापित ईएसआईसी आज देश में श्रमिक कल्याण का एक मजबूत स्तंभ बन चुका है, जो करोड़ों लोगों को स्वास्थ्य सेवा और सामाजिक सुरक्षा प्रदान कर रहा है और आयुष्मान भारत योजना के साथ ईएसआईसी के एकीकरण से लाभार्थियों को सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा भी मिल रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित