यमुनानगर , अक्टूबर 22 -- हरियाणा में यमुनानगर की गुरु मानियो ग्रंथ सेवा सोसायटी की ओर से गुरुवार को गुरु ग्रंथ साहिब का गुरुगद्दी दिवस समागम संत निश्चल सिंह बीएड कॉलेज प्रांगण में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।

समागम में क्षेत्र की विभिन्न सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों, स्त्री सत्संग सभाओं और समूह संगत ने सहयोग दिया। इस अवसर पर स्थानीय रागी जत्थों के अलावा भाई हरिंदर सिंह निरवैर खालसा जत्था यूके वालों ने गुरबाणी कीर्तन से संगत को निहाल किया। कीर्तन और गुरमति विचारों के माध्यम से गुरु साहिब की शिक्षाओं, मानवता, प्रेम, समानता, सेवा और सद्भावना का संदेश दिया गया।

मंच संचालन शिक्षाविद गोबिंद सिंह भाटिया और गुरप्रीत सिंह नारंग ने किया। आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में गुरु नानक नाम लेवा संगत ने पहुंचकर गुरबाणी कीर्तन श्रवण किया। समागम में विशेष बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।

समागम में गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया, जिसमें संगत ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर सोसायटी के सदस्यों ने सर्वसम्मति से हरकीरत सिंह खुराना को मुख्य सेवादार की सेवा सौंपी।

समागम को सफल बनाने में सोसायटी के मुख्य सेवादार परमजीत सिंह बब्बू, जितेंद्र सिंह भाटिया, हरकीरत सिंह खुराना, सतपाल सिंह नारंग, संत निश्चल सिंह ट्रस्ट के प्रधान महंत करमजीत सिंह, महासचिव मनोरंजन सिंह साहनी, डॉ. वीरेंद्र गांधी, दमनदीप सिंह, शेरू सिंह और अन्य सदस्यों ने सहयोग दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित