नयी दिल्ली , फरवरी 02 -- श्याम लाल कॉलेज (प्रातः) और इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंस ने 12वें पद्मश्री श्याम लाल मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट के सोमवार को खेले गये मुकाबलों में जीत के साथ शुरुआत की।

आज यहां आयोजित एक समारोह में मुख्य अतिथि प्रोफेसर बालाराम पाणि, डीन ऑफ कॉलेजेस, दिल्ली यूनिवर्सिटी ने टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मेजबान श्याम लाल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रोफेसर रबि नारायण कर ने श्री पाणि, प्रो. सरिता त्यागी, एचओडी, डीपीईएसएस, डीयू, डॉ. ज्योति मान, असिस्टेंट डारेक्टर, डीयूएससी, श्री संजीव गौतम, एसीपी, शाहदरा सहित सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

पुरुष वर्ग में मेजबान श्याम लाल कॉलेज (प्रातः) ने श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज को 8-0 से हराया। हरषु ने तीन, आशु ने दो, नंद किशोर, प्रवीण, प्रत्यूष ने एक-एक गोल किया। हरषु को प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड से नवाजा गया।

एक अन्य मुकाबले में इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंस ने हंसराज कॉलेज को 7-1 से पराजित किया। विजेता के लिए पुलकित ने चार, चंदर, शुभम और गुरमुख ने एक-एक गोल किया। पुलकित को प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड मिला।

श्याम लाल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रोफेसर रबि नारायण कर ने खेल समिति के संयोजक वी एस जग्गी के हॉकी व अन्य खेलों को बढ़ावा देने की प्रशंसा करते हुए खेल के मैदान में फ्लड लाइट लगाने की घोषणा की। जिससे रात में भी हॉकी व अन्य खेल आयोजन हो सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित