हरिद्वार , मई 20 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के श्यामपुर रेंज में नर और मादा टाइगर शावकों की हत्या के मामले को लेकर प्रदेश सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को वन मंत्री सुबोध उनियाल एवं राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जानकारी ली।

जानकारी के अनुसार दो दिन पूर्व वन गुर्जरों द्वारा नर और मादा टाइगर शावकों की हत्या किए जाने का मामला सामने आया था। घटना के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई। निरीक्षण के दौरान वन मंत्री ने अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

वन मंत्री उनियाल ने कहा कि वन्यजीवों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और इस प्रकार की घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कराई जा रही है तथा दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

इस दौरान प्रभागीय वनाधिकारी अनिरुद्ध स्वप्निल, एसडीओ पूनम कैंथोला, रेंजर विनय कुमार राठी सहित वन विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। घटना के बाद क्षेत्र में वन विभाग की गतिविधियां भी तेज कर दी गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित