ऋषिकेश , अगस्त, 13 -- उत्तराखंड में ऋषिकेश विधानसभा के श्यामपुर मंडल में गुरुवार को स्थानीय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा थामे भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने पूरे उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया। भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा और माहौल देशभक्ति से सराबोर नजर आया।
तिरंगा यात्रा को संबोधित करते हुए डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और गौरव का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में चलाए जा रहे 'हर घर तिरंगा' अभियान के माध्यम से राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य युवाओं और आमजन में राष्ट्र के प्रति समर्पण एवं गौरव की भावना को जागृत करना है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों के बलिदान के कारण देश आज स्वतंत्रता की सांस ले रहा है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने के साथ विकसित एवं सशक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान दे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित