रायसेन , जुलाई 19 -- मध्यप्रदेश में रायसेन जिले के बेगमगंज कस्बे में आज शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में एक जनरल स्टोर, गोदाम और मकान जलकर खाक हो गए। हादसे में मकान मालिक की पत्नी गंभीर रूप से झुलस गईं, जबकि मकान मालिक और उनके पुत्र ने दूसरी मंजिल से कूदकर अपनी जान बचाई। आग से लगभग 20 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
पुलिस के अनुसार बेगमगंज निवासी नवीन समैया के जनरल स्टोर में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग दुकान, गोदाम और मकान तक फैल गई। उस समय मकान की दूसरी मंजिल पर फंसे नवीन समैया और उनके 22 वर्षीय पुत्र नयन उर्फ बिट्टू समैया ने खिड़की तोड़कर दुकान के सामने बने लोहे के टीन शेड पर छलांग लगाई और सुरक्षित बाहर निकल आए।
दुर्घटना में नवीन समैया की पत्नी गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग फैलने के दौरान रसोई में रखा गैस सिलेंडर समय रहते बाहर सड़क पर फेंक दिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
आग पर काबू पाने के लिए छह दमकल वाहनों की सहायता ली गई। नगर पालिका के कर्मचारियों और दमकल दल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। हालांकि तब तक दुकान और गोदाम में रखा खिलौने, प्लास्टिक का घरेलू सामान, महिलाओं के उपयोग की सामग्री तथा डायपर सहित भारी मात्रा में रखा स्टॉक जलकर नष्ट हो चुका था। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया है। मामले की जांच जारी है तथा नुकसान का अंतिम आकलन किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित