सीतापुर , जुलाई 20 -- उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने सोमवार को खैराबाद थाना क्षेत्र के चीलवाड़ा गांव पहुंचकर दिवंगत शैलेंद्र पाल के परिजनों से मुलाकात की और शोक-संतप्त परिवार को सांत्वना दी। इस दौरान सीतापुर से कांग्रेस सांसद राकेश राठौर तथा पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उनके साथ मौजूद रहे।
अजय राय ने पीड़ित परिवार की पूरी बात गंभीरता से सुनी और उन्हें हर स्तर पर न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि किसी भी पीड़ित परिवार के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि न्याय में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
सीतापुर सांसद राकेश राठौर ने भी शैलेंद्र पाल की मृत्यु को अत्यंत गंभीर एवं संवेदनशील मामला बताते हुए कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और न्याय मिलने तक उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
गौरतलब है कि खैराबाद थाना क्षेत्र के राजापुर चिलवारा गांव में पिछले दिनो एटीसी कर्मचारी शैलेंद्र पाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी थी। परिजनो का आरोप है कि पुलिस उत्पीड़न के चलते शैलेन्द्र ने आत्महत्या की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित