चंडीगढ़ , जनवरी 14 -- ) हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी से संबद्ध सीनियर सैकेण्डरी (शैक्षिक एवं मुक्त विद्यालय) विशेष अंक सुधार परीक्षा जनवरी 2026 के प्रवेश-पत्र गुरुवार से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। परीक्षार्थी रजिस्ट्रेशन नंबर, पिछला अनुक्रमांक या नाम, पिता एवं माता का नाम भरकर प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।

बोर्ड प्रवक्ता ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि यह परीक्षाएं 21 जनवरी से प्रदेशभर में आयोजित की जाएंगी। परीक्षा का समय दोपहर दो बजे से सायं पांच बजे तक निर्धारित किया गया है। इस विशेष परीक्षा के लिए लगभग 2600 परीक्षार्थियों ने आवेदन किया है। परीक्षाएं कुल छह परीक्षा केंद्रों पर करवाई जाएंगी, जिनमें एक केंद्र भिवानी तथा शेष पांच केंद्र कमीशनरी स्तर पर स्थापित किए गए हैं।

प्रवक्ता ने बताया कि शिक्षा बोर्ड द्वारा मार्च-1990 से मार्च-2024 तक सीनियर सैकेण्डरी (शैक्षिक एवं मुक्त विद्यालय) उत्तीर्ण विद्यार्थियों को अधिकतम दो विषयों में अंक सुधार का विशेष अवसर प्रदान किया गया है। परीक्षाओं की शुचिता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए बोर्ड ने कड़े प्रबंध किए हैं तथा परीक्षा केंद्रों के औचक निरीक्षण के लिए पांच प्रभावी उड़नदस्तों का गठन किया गया है।

उन्होंने कहा कि परीक्षार्थी प्रवेश-पत्र डाउनलोड करने के बाद उसमें दर्ज सभी विवरणों को ध्यानपूर्वक जांच लें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है तो परीक्षा आरंभ होने से पहले बोर्ड कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से शुद्धि करवाना आवश्यक होगा। परीक्षा शुरू होने के बाद किसी भी त्रुटि संबंधी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। दिव्यांग परीक्षार्थियों को यदि लेखक की सुविधा की आवश्यकता है तो संबंधित दस्तावेज समय रहते बोर्ड कार्यालय या केंद्र अधीक्षक को प्रस्तुत करने होंगे। सभी परीक्षार्थियों को रंगीन प्रवेश-पत्र ए-4 साइज पेपर पर प्रिंट कराना अनिवार्य होगा। प्रवेश-पत्र एवं मूल पहचान पत्र/आधार कार्ड के बिना परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, स्मार्ट घड़ी जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित रहेंगे। किसी अन्य के स्थान पर परीक्षा देना दंडनीय अपराध होगा, जिस पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित