सिरसा , सितंबर 10 -- हरियाणा के सिरसा के दड़बा कलां गांव के समीप 31 हजार बुर्जी के पास शेरांवाली नहर में गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे अचानक दरार आ गई। नहर का पानी तेजी से खेतों की ओर बढ़ने लगा, जिससे करीब 25 एकड़ धान की फसल जलमग्न हो गई। खेतों में काम कर रहे किसानों ने इसकी सूचना सिंचाई विभाग के कर्मचारियों को दी।

सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नहराना हेड से शेरांवाली नहर का पानी बंद करवाया गया। विभाग के कर्मचारियों के अनुसार, वे घटना से करीब पांच मिनट पहले ही इस स्थान से गुजरे थे। इसके बाद अचानक नहर का किनारा धंस गया और करीब 40 फुट तक कटाव हो गया।

नहर में दरार आने के कारण विभाग के अधिकारी भी असमंजस में हैं। उनका कहना है कि कुछ समय पहले ही कर्मचारी इस स्थान का निरीक्षण करते हुए गुजरे थे। विभाग की ओर से नहर के किनारे हुए कटाव के कारणों की जांच की जाएगी।

सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नहर में पानी का बहाव पूरी तरह बंद होने के बाद टूटे हिस्से की मरम्मत का काम शुरू किया जाएगा। किसानों का कहना है कि इस बार बारिश कम होने के कारण धान सहित अन्य फसलों को पानी की जरूरत है, ऐसे में नहर टूटने से खेतों में पानी भरना भी नुकसानदायक साबित हो सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित