खरगोन , सितंबर 17 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिले की बड़वाह पुलिस ने शेयर बाजार में निवेश कर भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर फॉरेस्ट गार्ड से 10 लाख 95 हजार 157 रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गुजरात से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक रवीन्द्र वर्मा ने बताया कि बड़वाह निवासी फॉरेस्ट गार्ड राजेंद्र रावत ने पांच फरवरी 2026 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार कुछ अज्ञात लोगों ने व्हाट्सऐप के माध्यम से उनसे संपर्क कर एक ग्रुप में जोड़ा। ग्रुप में शेयर बाजार में निवेश से भारी मुनाफा होने के स्क्रीनशॉट लगातार साझा किए जाते थे। इससे विश्वास में आए रावत ने आरोपियों के कहने पर मोबाइल में एक एप्लीकेशन डाउनलोड की और उनके बताए विभिन्न बैंक खातों में निवेश के नाम पर कुल 10 लाख 95 हजार 157 रुपये जमा करा दिए।

पुलिस अधीक्षक के अनुसार एप्लीकेशन पर निवेश की रकम और मुनाफा बढ़ता हुआ दिखाई देता था, लेकिन रकम निकालने का प्रयास करने पर पैसा नहीं निकला। इसके बाद आरोपियों ने रकम वापस दिलाने के नाम पर सर्विस टैक्स और अन्य शुल्क की मांग की। ठगी का संदेह होने पर रावत ने बड़वाह थाने में शिकायत दर्ज कराई।

इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 319(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। एसपी के निर्देशन में बड़वाह थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र बर्मन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साइबर सेल की मदद से जांच शुरू की। शिकायत को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज कराने के साथ बैंक खातों की जांच की गई।

पुलिस के मुताबिक ठगी की रकम गुजरात के पाटन जिले के सिद्धपुर निवासी अमित प्रजापति के बैंक खाते में पहुंची थी। पुलिस टीम गुजरात पहुंची और तकनीकी जांच के आधार पर अमित को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना बैंक खाता रिश्तेदार संजय प्रजापति को देने की जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार संजय किसी अन्य साइबर धोखाधड़ी के मामले में हरियाणा के गुरुग्राम की जिला जेल में बंद था। न्यायालयीन प्रक्रिया के बाद उसकी अभिरक्षा प्राप्त कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने साथी अनिल ठाकोर की कथित संलिप्तता की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने अनिल को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की पूरी रकम 10 लाख 95 हजार 157 रुपये नकद बरामद करने का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित प्रजापति (29), संजय प्रजापति (41), दोनों निवासी सिद्धपुर, जिला पाटन, गुजरात और अनिल ठाकोर (27), निवासी नवापुरा, जिला मेहसाणा, गुजरात के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार संजय प्रजापति के खिलाफ गुरुग्राम के साइबर क्राइम वेस्ट थाने में भी धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित