मुंबई , जुलाई 08 -- घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को रही चौतरफा बिकवाली के कारण निवेशकों के नौ लाख करोड़ रुपये से ज्यादा डूब गये।

ईरान पर अमेरिकी हमलों के कारण आज शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट रही। बीएसई का सेंसेक्स और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक दो प्रतिशत से अधिक लुढ़क गये। दूसरी कंपनियों के शेयर भी नीचे बंद हुए। एनएसई में 3,411 कंपनियों में कारोबार हुआ जिनमें 2,631 कंपनियों के शेयर लाल निशान में रहे।

बीएसई से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कंपनियों के बाजार पूंजीकरण में आज एक दिन में करीब नौ लाख 226 करोड़ रुपये की गिरावट देखी गयी। बाजार बंद होने पर अखिल भारतीय बाजार पूंजीकरण 4,70,67,522 करोड़ रुपये रह गया। यह इस साल 15 जून के बाद बाजार पूंजीकरण का सबसे निचला स्तर है। मंगलवार को यह 4,79,67,747 करोड़ रुपये था।

अकेले शीर्ष 10 कंपनियों में ही निवेशकों ने दो लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान उठाया। उनका बाजार पूंजीकरण एक दिन पहले के 92,17,500 करोड़ रुपये से घटकर 90,08,224 करोड़ रुपये रह गया। इस प्रकार इसमें 2,09,276 करोड़ रुपये की गिरावट रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित