मुंबई , सितंबर 11 -- विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को बिकवाली हावी रही और बीएसई का सेंसेक्स 500 अंक से अधिक की गिरावट के साथ बना हुआ है।

सेंसेक्स पिछले कारोबारी दिवस के मुकाबले 593 अंक नीचे खुला और कुछ ही देर में 74,160.16 अंक तक टूट गया। खबर लिखे जाते समय यह 554.52 अंक (0.74 प्रतिशत) नीचे 74,348.07 अंक पर रहा।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 207 अंक की गिरावट के साथ 23,270.30 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 186.40 अंक यानी 0.79 प्रतिशत फिसलकर 23,291.40 अंक पर था।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल के 107 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच जाने के कारण दुनिया भर के शेयर बाजार दबाव में हैं। जापान का निक्केई फिलहाल दो प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट डेढ़ फीसदी से ज्यादा गिर चुका है। अमेरिका में भी गुरुवार को बाजार में गिरावट रही थी।

घरेलू बाजारों में चौतरफा बिकवाली के बीच सिर्फ आईटी समूह में तेजी है। रियल्टी, धातु, वित्त, तेल एवं गैस और रसायन समूहों में बिकवाली सबसे अधिक है।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से खबर लिखे जाते समय टेक महिंद्रा एचसीएल टेक्नोलॉजीज, आईटीसी, इंफोसिस और भारती एयरटेल बढ़त में थे जबकि अन्य 25 कंपनियां लाल निशान में थीं।

बजाज फाइनेंस, इंडिगो, टाटा स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित