मुंबई , मई 15 -- आईटी सेक्टर की कंपनियों और निजी बैंकों में लिवाली से घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में तेजी देखी गयी।

बीएसई का सेंसेक्स 98.38 अंक की बढ़त में 75,497.10 अंक पर खुला। खुलते ही कुछ देर के लिए यह लाल निशान में गया लेकिन फिर तुरंत वापस आ गया। खबर लिखे जाते समय यह 351.65 अंक (0.47 प्रतिशत) ऊपर 75,750.37 अंक पर था।

आईटी सेक्टर में फिलहाल अच्छी लिवाली देखी जा रही है और निफ्टी आईटी सूचकांक ढाई फीसदी से ज्यादा चढ़ा हुआ है। एफएमसीजी, ऑटो, निजी बैंक और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों के सूचकांकों में भी तेजी बनी हुई है। तेल एवं गैस, धातु और रियलटी सेक्टर दबाव में हैं।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 41.80 अंक चढ़कर 23,731.40 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 114.50 अंक यानी 0.48 प्रतिशत की मजबूती के साथ 23,804.10 अंक पर रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित