मुंबई , मार्च 24 -- विदेशों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को तेजी रही और बीएसई का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1,372.06 अंक (1.89 प्रतिशत) चढ़कर 74,068.45 अंक पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 399.75 अंक यानी 1.78 फीसदी की बढ़त में 22,912.40 अंक पर पहुंच गया। पिछले कारोबारी दिवस पर सेंसेक्स 21 महीने के निचले स्तर पर और निफ्टी-50 सूचकांक 11 महीने के निचले स्तर पर बंद हुआ था।
बाजार में चौतरफा लिवाली के बीच मझौली और छोटी कंपनियों में निवेशकों ने ज्यादा विश्वास दिखाया। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 2.74 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 2.63 प्रतिशत चढ़ गया।
ऑटो, वित्त, मीडिया, बैंकिंग, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, रसायन, धातु, रियलटी, स्वास्थ्य, आईटी और एफएमसीजी समेत सभी सेक्टरों में अच्छी मजबूती रही।
एनएसई में जिन 3,369 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,480 के शेयरों में तेजी और 805 में गिरावट रही। अन्य 84 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित बंद हुए।
सेंसेक्स की कंपनियों में एलएंडटी का शेयर सबसे अधिक 5.19 प्रतिशत और इंडिगो का 5.18 प्रतिशत चढ़ गया। इटरनल में 4.85 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस में 4.69, एशियन पेंट्स में 4.54, अल्ट्राटेक सीमेंट में 3.87, टेक महिंद्रा में 3.57, अडानी पोर्ट्स में 3.11 और कोटक महिंद्रा बैंक में 3.03 प्रतिशत की तेजी रही।
एचडीएफसी बैंक का शेयर 2.88 फीसदी, महिंद्रा एंड महिंद्रा का 2.57, आईसीआईसीआई बैंक का 2.38 और बीईएल का 2.29 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। टाटा स्टील में 1.95 फीसदी, बजाज फिनसर्व में 1.86, एक्सिस बैंक में 1.82, इंफोसिस में 1.60, हिंदुस्तान यूनीलिवर में 1.49, टाइटन में 1.30 और एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 1.10 प्रतिशत की गिरावट रही।
मारुति सुजुकी, एनटीपीसी, टीसीएस, भारती एयरटेल, ट्रेंट,रिलायंस इंडस्ट्रीज और आईटीसी के शेयर भी हरे निशान में रहे।
पावरग्रिड, सनफार्मा और भारतीय स्टेट बैंक लाल निशान में बंद हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित