मुंबई , फरवरी 20 -- बैंकिंग और धातु सेक्टरों में लिवाली से घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को तेजी लौट आयी, हालांकि आईटी सेक्टर की कंपनियों पर दबाव देखा गया।
बीएसई का सेंसेक्स 316.57 अंक (0.38 प्रतिशत) चढ़कर 82,814.71 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 116.90 अंक यानी 0.46 प्रतिशत ऊपर 25,571.25 अंक पर रहा। पिछले कारोबारी दिवस पर दोनों सूचकांक डेढ़ प्रतिशत के करीब टूटे थे।
एशियाई बाजारों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच सुबह प्रमुख सूचकांक गिरावट में खुले थे, लेकिन पहले घंटे में ही हरे निशान में पहुंच गये। सेंसेक्स में 926 अंक का उतार-चढ़ाव रहा। यह नीचे 82,206.21 अंक और नीचे 83,132.08 अंक तक गया।
मझौली कंपनियों में आज लिवाली ज्यादा हुई जबकि छोटी कंपनियों में बिकवाली हावी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.40 प्रतिशत चढ़ गया। स्मॉलकैप-100 सूचकांक में 0.11 प्रतिशत की गिरावट रही।
बैंकिंग, धातु, एफएमसीजी, ऑटो, तेल एवं गैस, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, रियलटी और स्वास्थ्य समूहों के सूचकांक हरे निशान में बंद हुए। आईटी और मीडिया समूहों में गिरावट रही।
एनएसई में जिन 3,248 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें 1,520 में तेजी और 1,621 में गिरावट रही। अन्य 107 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित बंद हुए।
सेंसेक्स की कंपनियों में एनटीपीसी का शेयर 2.73 फीसदी चढ़ गया। एलएंडटी में 2.37 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनीलिवर में 1.56 फीसदी, बजाज फाइनेंस में 1.47, पावरग्रिड में 1.44, टाटा स्टील में 1.36, बीईएल में 1.29, बजाज फिनसर्व में 1.20, कोटक महिंद्रा बैंक में 1.15 और एशियन पेंट्स में 1.12 प्रतिशत की तेजी रही। टाइटन, एक्सिस बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, इंडिगो, अल्ट्राटेक सीमेंट, सनफार्मा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, मारुति सुजुकी, ट्रेंट और आईटीसी के शेयर भी ऊपर बंद हुए।
क्वालिटी वॉल में सबसे अधिक 3.48 प्रतिशत की गिरावट रही। टेक महिंद्रा का शेयर 1.61 प्रतिशत, इंफोसिस का 1.23, इटरनल का 1.10 और एचसीएल टेक्नोलॉजीज का 0.92 प्रतिशत टूट गया। भारती एयरटेल, महिंद्रा एंड महिंद्रा और एचडीएफसी बैंक के शेयर भी लाल निशान में रहे।
वैश्विक स्तर पर एशिया में चीन का शंघाई कंपोजिट 1.26 प्रतिशत, जापान का निक्केई 1.12 प्रतिशत और हांगकांग का हैंगशेंग 1.10 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में ब्रिटेन का एफटीएसई 0.64 फीसदी और जर्मनी का डैक्स 0.31 फीसदी ऊपर था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित