मुंबई , अगस्त 12 -- आईटी सेक्टर के दबाव में घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट देखी गयी और प्रमुख सूचकांक करीब दो सप्ताह के निचले स्तर पर बंद हुए।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स सुबह 109 अंक ऊपर खुला, लेकिन खुलते ही लाल निशान में उतर गया। एक समय यह 656 अंक टूट गया था। अंत में पिछले कारोबारी दिवस की तुलना में 187.90 अंक (0.24 प्रतिशत) नीचे 77,966.35 अंक पर बंद हुआ। यह 30 जुलाई के बाद का इसका निचला स्तर है।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी सपाट खुलने के बाद गिरावट में चला गया। यह 35.75 अंक यानी 0.15 प्रतिशत टूटकर 24,435.95 अंक पर रहा जो इसका 31 जुलाई के बाद का निचला स्तर है।

वृहत बाजार में दबाव कम रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.24 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ जबकि स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.18 प्रतिशत उतर गया।

सेक्टरों से संबंधित सूचकांकों में निफ्टी आईटी समूह का सूचकांक 1.54 प्रतिशत की गिरावट में रहा। टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, स्वास्थ्य, एफएमसीजी और ऑटो समूहों के सूचकांक भी नीचे बंद हुए। सार्वजनिक बैंक समूह का सूचकांक 2.05 प्रतिशत और मीडिया का 1.05 प्रतिशत की बढ़त में रहा। धातु समूह में भी लिवाली का जोर रहा।

एनएसई में जिन 3,476 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 1,867 के शेयर लाल निशान में और 1,504 के हरे निशान में रहे। अन्य 105 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 21 के शेयर लाल निशान में रहे। टीसीएस का शेयर 3.71 प्रतिशत उतर गया। महिंद्रा एंड महिंद्रा में 1.67 फीसदी, टाटा स्टील में 1.57, एलएंडटी में 1.19, इटरनल में 1.18, इंफोसिस में 1.03 और आईटीसी में 0.97 प्रतिशत की गिरावट रही। बजाज फाइनेंस, ट्रेंट, मारुति सुजुकी, टेक महिंद्रा, हिंदुस्तान यूनीलिवर और इंडिगो के शेयर भी लाल निशान में बंद हुए।

भारतीय स्टेट बैंक का शेयर 1.31 प्रतिशत और भारती एयरटेल का 1.16 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। अल्ट्राटेक सीमेंट, पावरग्रिड और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में भी तेजी रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित