मुंबई , मई 12 -- अमेरिका और ईरान के बीच फिर संघर्ष शुरू होने की आशंका और रुपये पर जारी दबाव के बीच घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को लगातार चौथे कारोबारी दिवस पर गिरावट रही और प्रमुख सूचकांक पांच सप्ताह के निचले स्तर पर बंद हुए।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,456.04 अंक (1.92 प्रतिशत) टूटकर 74,559.24 अंक पर बंद हुआ। यह 06 अप्रैल के बाद का इसका निचला स्तर है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 436.30 अंक यानी 1.83 प्रतिशत गिरकर इस साल 07 अप्रैल के बाद के निचले स्तर 23,379.55 अंक पर बंद हुआ।
मीडिया रिपोर्टों में यह खबर आने पर कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के खिलाफ फिर से सैन्य कार्रवाई पर विचार कर रहे हैं, विदेशों में भी ज्यादातर प्रमुख शेयर बाजार फिसल गये। इसके अलावा, रुपये के आज ऐतिहासिक निचले स्तर तक उतरने से भी बाजार में निवेश धारणा कमजोर हुई है। पहली बार एक डॉलर 95.50 रुपये से ज्यादा का बोला गया है। फिलहाल यह 95.63 रुपये प्रति डॉलर पर है।
चौतरफा बिकवाली के बीच मझौली और छोटी कंपनियों पर ज्यादा दबाव रहा। वृहत बाजार में निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 2.43 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 3.17 प्रतिशत गिर गया। सभी सेक्टरों में दबाव देखा गया। रियलटी समूह का सूचकांक चार प्रतिशत से अधिक टूट गया। आईटी का सूचकांक पौने चार प्रतिशत और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद का साढ़े तीन प्रतिशत से ज्यादा लुढ़का। ऑटो, मीडिया, रसायन, वित्त, बैंकिंग, एफएमसीजी, फार्मा और स्वास्थ्य समूहों के सूचकांकों में भी एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट रही।
एनएसई में जिन 3,378 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,723 के शेयर लाल निशान में और 589 हरे निशान में रहे। अन्य 66 कंपनियों के शेयर अपरिवर्तित रहे।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से भारतीय स्टेट बैंक को छोड़कर अन्य 29 में गिरावट रही। टेक महिंद्रा का शेयर सबसे अधिक 4.44 प्रतिशत टूट गया। अडानी पोर्ट्स का शेयर 4.39 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजीज का 4.11, टीसीएस का 3.84, टाइटन का 3.60, बीईएल का 3.51, बजाज फाइनेंस का 3.43, इंफोसिस का 3.09, ट्रेंट का 3.08 और बजाज फिनसर्व का 3.02 प्रतिशत लुढ़क गया।
अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर 2.89 फीसदी, इटरनल का 2.40, एशियन पेंट्स का 2.38, मारुति सुजुकी का 2.30, इंडिगो का 2.16, एलएंडटी का 2.12, महिंद्रा एंड महिंद्रा का 2.10 और आईसीआईसीआई बैंक का 2.05 प्रतिशत नीचे रहा।
एचडीएफसी बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज दोनों में 1.77 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनीलिवर में 1.76, आईटीसी में 1.70, पावर ग्रिड में 1.50, सन फार्मा में 1.42 और कोटक महिंद्रा बैंक में 1.36 प्रतिशत की गिरावट रही। एक्सिस बैंक का शेयर भी लाल निशान में रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित