मुंबई , अप्रैल 01 -- पश्चिम एशिया में एक महीने से चल रहे संकट के सुलझने की उम्मीद में बुधवार को वित्त वर्ष के पहले दिन घरेलू शेयर बाजारों में तेजी रही।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1,186.77 अंक (1.65 प्रतिशत) की बढ़त के साथ 73,134.32 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज की निफ्की-50 सूचकांक भी 348 अंक यानी 1.56 प्रतिशत चढ़कर 22,679.40 अंक पर पहुंच गया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारतीय समय के अनुसार गुरुवार सुबह राष्ट्र को संबोधित करेंगे। उनके संबोधन में ईरान युद्ध की समाप्ति का रोडमैप मिलने की उम्मीद में आज दुनिया भर में निवेशक लिवाल रहे और शेयर बाजारों में तेजी देखी गयी।
चौतरफा लिवाली के बीच मझौली कंपनियों का निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 2.08 प्रतिशत और छोटी कंपनियों का स्मॉलकैप-100 सूचकांक 3.33 प्रतिशत उछल गया।
फार्मा और स्वास्थ्य को छोड़कर अन्य सभी सेक्टरों के सूचकांक हरे निशान में बंद हुए। सार्वजनिक बैंकों, धातु, आईटी, रसायन, रियलटी, ऑटो, निजी बैंकों और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों के सूचकांकों में ज्यादा तेजी रही।
जिन 3,321 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,935 के शेयर हरे निशान में और 282 के लाल निशान में रहे। अन्य 104 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित बंद हुए।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 25 के शेयरों में तेजी रही। ट्रेंट का शेयर सात प्रतिशत उछल गया। इंडिगो में 6.01 फीसदी, अडानी पोर्ट्स में 5.47, बीईएल में 4.54, भारतीय स्टेट बैंक में 3.89 और इटरनल में 3.34 प्रतिशत की तेजी रही।
एलएंडटी का शेयर 2.95 प्रतिशत, टाइटन का 2.81, एशियन पेंट्स का 2.75, एक्सिस बैंक का 2.66, महिंद्रा एंड महिंद्रा का 2.53, टीसीएस का 2.09 और इंफोसिस का दो प्रतिशत की बढ़त में रहा।
बजाज फाइनेंस का शेयर 1.97 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 1.83, मारुति सुजुकी का 1.70, टाटा स्टील का 1.51, एचडीएफसी बैंक का 1.41, आईटीसी का 1.29, टेक महिंद्रा का 1.25, एचसीएल टेक्नोलॉजीज का 1.02 और बजाज फिनसर्व का 0.99 प्रतिशत मजबूत हुआ। कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और हिंदुस्तान यूनीलिवर के शेयर भी हरे निशान में रहे।
एनटीपीसी और सनफार्मा दोनों में 1.64 प्रतिशत की गिरावट रही। पावरग्रिड का शेयर भी 1.13 प्रतिशत लुढ़क गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित