मुंबई , अप्रैल 30 -- कच्चे तेल में तेजी के बाद आयी नरमी के कारण गुरुवार को घरेलू शेयर बाजारों में काफी उतार-चढ़ाव देखा गया और आईटी तथा फार्मा को छोड़कर अन्य सभी सेक्टरों में बिकवाली हावी रही।
गिरावट में खुलने के बाद बीएसई का सेंसेक्स दोपहर से पहले 1,237 अंक टूट गया था। हालांकि बाद में आईटी और फार्मा सेक्टरों में लिवाली से काफी हद तक वापसी करता हुआ पिछले कारोबारी दिवस के मुकाबले 582.86 अंक (0.75 प्रतिशत) नीचे 76,913.50 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में आज करीब एक हजार अंक का उतार-चढ़ाव देखा गया। यह ऊपर 77,254.33 अंक और नीचे 76,258.86 अंक तक गया।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 180.10 अंक यानी 0.74 प्रतिशत नीचे 23,997.55 अंक पर बंद हुआ।
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में आज सुबह तेजी देखी और यह 125 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गया था जो साल 2022 के बाद पहली बार देखा गया। हालांकि बाद में कच्चा तेल 115 डॉलर से नीचे उतर गया।
मझौली और छोटी कंपनियों में भी बिकवाली देखी गयी। वृहत बाजार में निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.86 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.98 प्रतिशत फिसल गया।
आईटी और फार्मा सेक्टर दोपहर बाद हरे निशान में लौट आये जबकि अन्य में गिरावट रही। धातु, बैंकिंग, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, रियलटी, वित्त और एफएमसीजी सेक्टरों पर ज्यादा दबाव देखा गया।
सेंसेक्स की कंपनियों में इटरनल का शेयर 2.85 प्रतिशत टूट गया। हिंदुस्तान यूनीलिवर में 2.70 फीसदी, एक्सिस बैंक में 2.14, टाटा स्टील में 2.13, अल्ट्राटेक सीमेंट में 2.08 और एलएंडटी में 2.03 प्रतिशत की गिरावट रही।
ट्रेंट का शेयर 1.97 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा का 1.71, भारतीय स्टेट बैंक का 1.69, बीईएल तथा आईसीआईसीआई बैंक दोनों के 1.39, इंडिगो तथा टाइटन दोनों के 1.16, बजाज फिनसर्व का 0.99 और एचडीएफसी बैंक का 0.98 प्रतिशत लुढ़क गया। पावरग्रिड, एनटीपीसी, आईटीसी और अडानी पोर्ट्स के शेयर भी नीचे बंद हुए।
सन फार्मा में सबसे अधिक 1.64 प्रतिशत की तेजी रही। इंफोसिस का शेयर 1.20 फीसदी और टेक महिंद्रा का 0.95 प्रतिशत मजबूत हुआ। बजाज फाइनेंस, मारुति सुजुकी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर भी ऊपर रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित