मुंबई , मार्च 27 -- घरेलू शेयर बाजारों में दो दिन की तेजी के बाद शुक्रवार को फिर गिरावट देखी गयी और बीएसई का सेंसेक्स 1,690.23 अंक (2.25 प्रतिशत) टूटकर 73,583.22 अंक पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 486.85 अंक यानी 2.09 प्रतिशत नीचे 22,819.60 अंक पर बंद हुआ।

विदेशों से मिले नकारात्म संकेतों के कारण आज शुरू से ही बाजार पर दबाव रहा। डॉलर की तुलना में रुपये के कमजोर पड़ने से निवेश धारणा और प्रभावित हुई। फिलहाल रुपया 94.70 रुपये प्रति डॉलर पर है। पिछले कारोबारी दिवस पर 93.96 रुपये प्रति डॉलर पर बंद होने वाली भारतीय मुद्रा बीच कारोबार में 94.85 रुपये प्रति डॉलर तक टूट गयी थी।

चौतरफा बिकवाली के बीच मझौली और छोटी कंपनियों पर भी दबाव रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 2.13 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.74 प्रतिशत उतर गया।

सभी सेक्टर लाल निशान में बंद हुए। सुबह बढ़त में रहने वाला आईटी सूचकांक भी अंत में गिर गया। बैंकिंग, रियलटी, ऑटो, रसायन, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, वित्त, एफएमसीजी, धातु, तेल एवं गैस और फार्मा सेक्टरों में अधिक दबाव देखा गया।

सेंसेक्स की कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज और इंडिगो के शेयर साढ़े चार प्रतिशत से अधिक टूटे। बजाज फाइनेंस में भी सवा चार फीसदी की गिरावट रही। भारतीय स्टेट बैंक, इटरनल और एचडीएफसी बैंक के शेयर तीन से चार प्रतिशत तक नीचे बंद हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित