मुंबई , अप्रैल 07 -- घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को लगातार चौथे दिन तेजी देखी गयी और बीएसई का सेंसेक्स 509.73 अंक (0.69 प्रतिशत) चढ़कर 74,616.58 अंक पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 155.40 अंक यानी 0.68 प्रतिशत की बढ़त में 23,123.65 अंक पर पहुंच गया।

शुरुआती गिरावट के बाद बाजार में तेजी लौट आयी। सुबह के कारोबार में सेंसेक्स एक समय 800 अंक से ज्यादा लुढ़क गया था, लेकिन दोपहर बाद कम कीमत पर हुई लिवाली से यह हरे निशान में लौट गया।

मझौली कंपनियों में तेजी रही जबकि छोटी कंपनियों में बिकवाली हावी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.43 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। वहीं, स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.06 प्रतिशत फिसल गया।

आईटी कंपनियों में दोपहर बाद लिवाली तेज होने से बाजार को समर्थन मिला। धातु, रियलटी, एफएमसीजी, निजी बैंकों और मीडिया कंपनियों के समूहों में भी तेजी रही। वहीं, सार्वजनिक बैंक और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूह गिरावट में रहे।

सेंसेक्स की कंपनियों में एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर पौने तीन फीसदी ऊपर बंद हुआ। टीसीएस, इंफोसिस और भारती एयरटेल में भी दो प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित