मुंबई , मार्च 18 -- आईटी और ऑटो सेक्टरों में अच्छी तेजी के दम पर घरेलू शेयर बाजार बुधवार को लगातार तीसरे दिन हरे निशान में रहे और प्रमुख सूचकांक एक सप्ताह के उच्चतम स्तर पर बंद हुए।

बीएसई का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 633.29 अंक (0.83 प्रतिशत) की बढ़त के साथ 76,704.13 अंक पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 196.65 अंक यानी 0.83 प्रतिशत चढ़कर 23,777.80 अंक पर रहा। यह दोनों प्रमुख सूचकांकों का 11 मार्च के बाद का उच्चतम स्तर है।

मझौली और छोटी कंपनियों में लिवाली का जोर अधिक देखा गया। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 2.09 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.67 प्रतिशत की बढ़त में रहा।

आईटी, ऑटो, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, रियलटी और मीडिया समूहों के सूचकांकों में ज्यादा तेजी देखी गयी। बैंकिंग, तेल एवं गैस, स्वास्थ्य और फार्मा समूहों के सूचकांक भी बढ़त में रहे। सिर्फ एफएमसीजी और धातु समूहों में हल्की गिरावट रही।

एनएसई में जिन 3,326 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,537 के शेयर बढ़त में और 705 के गिरावट में रहे। अन्य 84 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे।

सेंसेक्स की कंपनियों में इटरनल का शेयर 3.37 प्रतिशत और टेक महिंद्रा का 3.27 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। इंफोसिस का शेयर 2.84 प्रतिशत, अडानी पोर्ट्स का 2.83, एचसीएल टेक्नोलॉजीज का 2.76, महिंद्रा एंड महिंद्रा का 2.68 और टीसीएस का 2.07 प्रतिशत चढ़ा।

एक्सिस बैंक में 1.94 प्रतिशत, एलएंडटी में 1.75, इंडिगो में 1.70, भारती एयरटेल में 1.55, बजाज फाइनेंस में 1.28, टाइटन में 1.20, अल्ट्राटेक सीमेंट में 1.19, एशियन पेंट्स में 1.08 और बजाज फाइनेंस में 1.01 प्रतिशत की तेजी रही। रिलायंस इंडस्ट्रीज, बीईएल, भारतीय स्टेट बैंक और मारुति सुजुकी के शेयर भी हरे निशान में रहे।

एनटीपीसी का शेयर 1.29 प्रतिशत और हिंदुस्तान यूनीलिवर का 1.04 प्रतिशत टूट गया। सनफार्मा, एचडीएफसी बैंक और आईटीसी के शेयरों में भी गिरावट रही।

वैश्विक स्तर पर एशियाई बाजारों में तेजी रही। जापान का निक्केई 2.87 प्रतिशत, हांगकांग का हैंग सेंग 0.61 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.32 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। यूरोप में फिलहाल जर्मनी का डैक्स 0.62 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.83 प्रतिशत नीचे है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित