मुंबई , मई 14 -- बैंकिंग, धातु और फार्मा सेक्टरों में लिवाली से घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को तेजी देखी गयी लेकिन आईटी सेक्टर की कंपनियों में गिरावट रही।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 789.74 अंक (1.06 प्रतिशत) चढ़कर 75,398.72 अंक पर बंद हुआ। यह लगातार दूसरा दिन है जब बाजार में तेजी रही है।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 277 अंक यानी 1.18 प्रतिशत की मजबूती के साथ 23,689.60 अंक पर बंद हुआ। वृहत बाजार में निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.17 प्रतिशत चढ़ा जबकि स्मॉलकैप-100 सूचकांक में 0.01 प्रतिशत की गिरावट रही।
आईटी को छोड़कर अन्य सभी सेक्टरों में लिवाली रही। निफ्टी आईटी सूचकांक 1.99 प्रतिशत गिर गया। धातु, फार्मा और स्वास्थ्य सेक्टरों के सूचकांक दो से तीन प्रतिशत तक ऊपर बंद हुए। बैंकिंग, वित्त, रसायन, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और मीडिया समूहों की कंपनियों में भी निवेशकों ने अच्छा पैसा लगाया।
एनएसई में आज 3,369 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें 1,723 के शेयर ऊपर और 1,537 के टूटकर बंद हुए। अन्य 109 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे।
सेंसेक्स की 30 में से 23 कंपनियां हरे निशान में रहीं। भारती एयरटेल का शेयर सबसे अधिक 5.32 प्रतिशत की बढ़त में बंद हुआ। अच्छे तिमाही परिणाम के बाद यह तेजी देखी गयी। इटरनल में 3.32 फीसदी, एचडीएफसी बैंक में 2.67, अडानी पोर्ट्स में 2.14 और सन फार्मा में 2.12 प्रतिशत की मजबूती रही।
महिंद्रा एंड महिंद्रा का शेयर 1.97 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस का 1.71, एनटीपीसी का 1.47, कोटक महिंद्रा बैंक का 1.36, अल्ट्राटेक सीमेंट का 1.14, ट्रेंट का 1.13,टाइटन का 1.05, आईटीसी का एक प्रतिशत और भारतीय स्टेट बैंक का 0.94 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फिनसर्व, टाटा स्टील, एलएंडटी और इंडिगो के शेयर भी चढ़ गये।
इंफोसिस का शेयर 2.46 प्रतिशत टूट गया। टेक महिंद्रा में 2.16 फीसदी, एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 1.63 प्रतिशत और टीसीएस में 1.18 प्रतिशत की गिरावट रही। हिंदुस्तान यूनीलिवर का शेयर भी नीचे बंद हुआ।
वैश्विक स्तर पर एशिया में चीन का शंघाई कंपोजिट 1.52 प्रतिशत और जापान का निक्केई 0.98 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। हांगकांग का हैंग सेंग लगभग स्थिर रहा। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 1.40 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.43 प्रतिशत ऊपर था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित