मुंबई , जुलाई 31 -- घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को तेजी बरकरार रही, हालांकि आईटी और एफएमसीजी कंपनियों में बिकवाली हावी रही।

उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में बीएसई का सेंसेक्स शुरुआती 166.49 अंक (0.21 प्रतिशत) चढ़कर 78,094.64 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 66.45 अंक यानी 0.27 प्रतिशत की बढ़त में 24,383.60 अंक पर पहुंच गया।

निफ्टी आईटी और निफ्टी एफएमसीजी सेक्टरों के सूचकांक क्रमशः 1.56 फीसदी और 1.05 फिसल गये। टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूह में भी गिरावट रही। ऑटो समूह का सूचकांक 1.64 प्रतिशत, वित्तीय सेवाओं का 1.31 प्रतिशत, मीडिया का 2.09 प्रतिशत चढ़ा। फार्मा सेक्टर में भी तेजी देखी गयी।

वृहत बाजार में भी तेजी देखी गयी। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.43 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.44 प्रतिशत मजबूत हुए।

सेंसेक्स की कंपनियों में अच्छे तिमाही परिणामों के बाद बजाज फाइनेंस का शेयर आठ प्रतिशत और बजाज फिनसर्व का साढ़े छह प्रतिशत से अधिक चढ़ा। महिंद्रा एंड महिंद्रा में साढ़े तीन प्रतिशत और अडानी पोर्ट्स में दो प्रतिशत से अधिक की तेजी रही। टाटा स्टील का शेयर 1.52 फीसदी और रिलायंस इंडस्ट्रीज का एक प्रतिशत की बढ़त में रहा। बीईएल, एनटीपीसी, टाइटन, भारती एयरटेल और मारुति सुजुकी के शेयर भी हरे निशान में रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित