मुंबई , फरवरी 09 -- अमेरिका के साथ अंतरिम व्यापार समझौते से उत्साहित निवेशकों की लिवाली और विदेशों से मिले सकारात्मक संकेतों से घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को लगातार दूसरे दिन तेजी रही और प्रमुख सूचकांक एक महीने के उच्चतम स्तर पर बंद हुए।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 485.35 अंक (0.58 प्रतिशत) की बढ़त में 84,065.75 अंक पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 173.60 अंक यानी 0.68 प्रतिशत ऊपर 25,867.30 अंक पर बंद हुआ। यह दोनों सूचकांकों का 08 जनवरी के बाद का उच्चतम स्तर है।
अमेरिका और भारत के बीच अंतरिम व्यापार समझौते पर दोनों देशों की ओर से 07 फरवरी को जारी साझा बयान में समझौते की मुख्य शर्तों का खुलासा किया गया। इससे बाजार में निवेश धारणा को मजबूती मिली और सभी सूचकांकों में तेजी देखी गयी।
मझौली और छोटी कंपनियों में निवेशकों ने ज्यादा विश्वास दिखाया। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.33 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 2.64 प्रतिशत की बढ़त में रहा।
सभी सेक्टरों के सूचकांक हरे निशान में बंद हुए। सार्वजनिक बैंक, वित्त, मीडिया, धातु, फार्मा, रियलटी, स्वास्थ्य, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और रसायन समूहों के सूचकांकों में ज्यादा तेज रही।
एनएसई में जिन 3,304 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें 2,484 के शेयर बढ़त में और 727 के गिरावट में बंद हुए। अन्य 93 कंपनियों के शेयर दिन भर के उतार-चढ़ाव से होते हुए अंततः अपरिवर्तित रहे।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 22 के शेयर हरे निशान में रहे। भारतीय स्टेट बैंक का शेयर 7.46 प्रतिशत उछल गया। टाइटन में 2.78 फीसदी, टाटा स्टील में 2.56, अल्ट्राटेक सीमेंट में 2.52, इटरनल में 1.91, बीईएल में 1.85, कोटक महिंद्रा बैंक में 1.52, ट्रेंट में 1.30, एलएंडटी में 1.12 और इंडिगो में 1.08 प्रतिशत की बढ़त रही। महिंद्रा एंड महिंद्रा, अडानी पोर्ट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एशियन पेंट्स, सनफार्मा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और हिंदुस्तान यूनीलिवर के शेयर भी हरे निशान में बंद हुए।
पावर ग्रिड में 1.11 प्रतिशत और आईटीसी में 1.07 प्रतिशत की गिरावट रही। एनटीपीसी, आईसीआईसीआई बैंक, इंफोसिस और एचडीएफसी बैंक के शेयर भी नीचे बंद हुए।
वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 3.89 प्रतिशत, हांगकांग का हैंगसेंग 1.76 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 1.41 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.44 फीसदी और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.25 प्रतिशत की तेजी में था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित