मुंबई , अप्रैल 30 -- घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को बिकवाली हावी रही और बीएसई का सेंसेक्स 582.86 अंक (0.75 प्रतिशत) टूटकर 76,913.50 अंक पर बंद हुआ।

बाजार शुरू से ही दबाव में था। दोपहर से पहले कच्चे तेल में तेजी और रुपये में बड़ी गिरावट से एक समय सेंसेक्स 1,237 अंक टूट गया था। हालांकि बाद में कच्चे तेल में नरमी लौट आयी और रुपये की गिरावट भी काफी कम रह गयी।

बाजार में आईटी और फार्मा सेक्टरों में निवेशकों का विश्वास लौट आया। इससे प्रमुख सूचकांकों ने काफी हद तक वापसी की और सेंसेक्स अंत में लगभग 583 अंक नीचे बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 180.10 अंक नीचे 23,997.55 अंक पर बंद हुआ।

मझौली और छोटी कंपनियों में भी बिकवाली देखी गयी। वृहत बाजार में निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.86 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.98 प्रतिशत फिसल गया।

आईटी और फार्मा सेक्टर दोपहर बाद हरे निशान में लौट आये जबकि अन्य में गिरावट रही। धातु, बैंकिंग, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, रियलटी, वित्त और एफएमसीजी सेक्टरों पर ज्यादा दबाव देखा गया।

सेंसेक्स की कंपनियों में इटरनल का शेयर लगभग तीन प्रतिशत टूट गया। हिंदुस्तान यूनीलिवर का शेयर ढाई प्रतिशत और टाटा स्टील तथा एलएंडटी के दो प्रतिशत से अधिक गिर गये।

ट्रेंट, अल्ट्राटेक सीमेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारतीय स्टेट बैंक, एक्सिस बैंक, बीईएल, आईसीआईसीआई बैंक और टाइटन के शेयर एक से दो प्रतिशत तक फिसल गये। बजाज फिनसर्व, इंडिगो, एचडीएफसी बैंक, पावरग्रिड, एनटीपीसी और आईटीसी के शेयर भी नीचे बंद हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित