मुंबई , सितंबर 11 -- विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को गिरावट रही और बीएसई का सेंसेक्स 120.83 अंक (0.16 प्रतिशत) टूटकर 74,781.76 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में सुबह के समय बड़ी गिरावट थी, लेकिन बाद में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे के नरम पड़ने से इसकी गिरावट काफी कम रह गयी। एक समय यह 742 अंक उतर गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 79.70 अंक यानी 0.34 प्रतिशत नीचे 23,398.10 अंक पर रहा।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल का मानक ब्रेंट क्रूड वायदा तीन प्रतिशत से अधिक फिसल कर फिलहाल 104 डॉलर प्रति बैरल के करीब है। गुरुवार को यह 107 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया था।
वृहत बाजार में भी अधिकतर सूचकांक लाल निशान में रहे। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.01 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ जबकि स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.58 प्रतिशत टूट गया।
सेक्टर आधारित सूचकांकों में आईटी, बैंकिंग, वित्त और मीडिया समूहों के सूचकांक हरे निशान में रहे। रियल्टी, धातु, ऑटो, तेल एवं गैस और रसायन सेक्टरों में बिकवाली ज्यादा हुई।
सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा स्टील का शेयर डेढ़ प्रतिशत से अधिक उतर गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज, सनफार्मा, बजाज फाइनेंस, एनटीपीसी, पावरग्रिड और एलएंडटी के शेयर एक से डेढ़ प्रतिशत तक की गिरावट रही।
एक्सिस बैंक, मारुति सुजुकी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारतीय स्टेट बैंक, टीसीएस, अल्ट्राटेक सीमेंट, एशियन पेंट्स, बजाज फिनसर्व और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर भी नीचे बंद हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित