मुंबई , अगस्त 17 -- कच्चे तेल में तेजी के बीच घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को गिरावट देखी गयी और प्रमुख सूचकांक ढाई सप्ताह के निचले स्तर पर बंद हुए।

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 281.09 अंक (0.36 प्रतिशत) नीचे 77,728.16 अंक पर बंद हुआ। सुबह 116 अंक की गिरावट के साथ खुलने के बाद यह पूरे दिन लाल निशान में रहा। एक समय यह 550 अंक से अधिक टूट गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 78.35 अंक यानी 0.32 प्रतिशत फिसलकर 24,287.65 अंक पर बंद हुआ। यह दोनों प्रमुख सूचकांकों का 29 जुलाई के बाद का न्यूनतम बंद स्तर है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में रही तेजी से घरेलू शेयर बाजार में निवेश धारणा कमजोर हुई है। लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा फिलहाल 0.7 प्रतिशत चढ़कर 89 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया। प्रमुख सूचकांकों के विपरीत वृहत बाजार में ज्यादातर सूचकांक हरे निशान में बंद हुए। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.10 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.36 प्रतिशत की बढ़त में रहा।

सेक्टर आधारित सूचकांकों में निफ्टी आईटी 1.75 प्रतिशत और निफ्टी एफएमसीजी 1.05 प्रतिशत टूट गया। फार्मा, सार्वजनिक बैंकों, स्वास्थ्य और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों में भी गिरावट रही। रियल्टी का सूचकांक 1.46 प्रतिशत और धातु का 1.26 प्रतिशत की बढ़त में रहा।

एनएसई में जिन 3,623 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 1,825 कंपनियों के शेयर लाल निशान में और 1,683 के हरे निशान में बंद हुए। अन्य 115 कंपनियों के शेयर अपरिवर्तित बंद हुए।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 23 के शेयर लाल निशान में रहे। इंफोसिस का शेयर 2.66 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजीज का 2.53 प्रतिशत और सन फार्मा का 2.20 प्रतिशत की गिरावट में रहा। टीसीएस का शेयर 1.87 प्रतिशत , टेक महिंद्रा का 1.77, आईटीसी का 1.57, ट्रेंट का 1.34, एनटीपीसी का 1.20, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 1.15, भारती एयरटेल तथा महिंद्रा एंड महिंद्रा दोनों का 1.13 और बजाज फिनसर्व का शेयर 1.03 प्रतिशत तक टूट गया। इंडिगो, अल्ट्राटेक सीमेंट, एशियन पेंट्स, मारुति सुजुकी, भारतीय स्टेट बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर भी लाल निशान में रहे।

टाटा स्टील का शेयर 1.47 फीसदी और एक्सिस बैंक का 1.03 प्रतिशत की बढ़त में बंद हुआ। रिलायंस इंडस्ट्रीज, बीईएल, एचडीएफसी बैंक और एलएंडटी के शेयर भी मजबूत रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित