मुंबई , अप्रैल 13 -- अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने से सोमवार को घरेलू शेयर बाजारों में बिकवाली देखी गयी और प्रमुख सूचकांक करीब एक प्रतिशत की गिरावट में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स 702.68 अंक (0.91 प्रतिशत) उतरकर 76,847.57 अंक पर आ गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 207.95 अंक यानी 0.86 फीसदी नीचे 23,842.65 अंक परबंद हुआ। पिछले कारोबारी दिवस पर दोनों सूचकांक हरे निशान में रहे थे।

अमेरिका और ईरान के बीच हार्मुज जलडमरूमध्य को लेकर तनाव बढ़ गया है। अमेरिका ने इस महत्वपूर्ण व्यापारिक जलमार्ग की घेराबंदी और अपनी शर्तों पर जहाजों को निकलने की अनुमति देने की घोषणा की है। इससे निवेशकों में ईरान युद्ध के स्थायी समाधान को लेकर निराशा बढ़ी है।

विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच मझौली और छोटी कंपनियों में भी बिकवाली का जोर देखा गया। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.77 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.46 प्रतिशत गिर गया।

सभी सेक्टरों में बिकवाली हावी रही। ऑटो सेक्टर पर सबसे ज्यादा दबाव देखा गया और उसका सूचकांक दो प्रतिशत से अधिक टूट गया। एफएमसीजी, आईटी और तेल एवं गैस सेक्टरों के सूचकांक भी एक फीसदी से ज्यादा फिसल गये।

सेंसेक्स की कंपनियों में मारुति सुजुकी का शेयर 4.61 प्रतिशत लुढ़क गया। बजाज फाइनेंस में 2.80 प्रतिशत, इंडिगो में 2.78, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 2.64, टीसीएस में 2.05, एचडीएफसी बैंक में 2.02, आईटीसी में 1.82 और इटरनल में 1.69 प्रतिशत की गिरावट रही।

एचसीएल टेक्नोलॉजीज और टाइटन दोनों के शेयर 1.45 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 1.30, महिंद्रा एंड महिंद्रा का 1.28, इंफोसिस का 1.16, बजाज फिनसर्व का 1.10 और ट्रेंट का 1.09 प्रतिशत फिसल गया। अल्ट्राटेक सीमेंट, पावरग्रिड, अडानी पोर्ट्स, कोटक महिंद्रा बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, टेक महिंद्रा और एशियन पेंट्स के शेयर भी लाल निशान में बंद हुए।

आईसीआईसीआई बैंक का शेयर 2.16 प्रतिशत और एनटीपीसी का 1.54 प्रतिशत टूट गया।

वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 0.74 प्रतिशत और हांगकांग का हैंग सेंग 0.90 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। चीन का शंघाई कंपोजिट 0.06 प्रतिशत ऊपर रहा। यूरोप में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 1.28 प्रतिशत की गिरावट में था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित