मुंबई , अगस्त 10 -- घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को दिन भर उतार-चढ़ाव के बाद प्रमुख सूचकांक हल्की बढ़त में बंद हुए।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 43.27 अंक (0.06 प्रतिशत) चढ़कर 78,542.44 अंक पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 13.15 अंक यानी 0.05 प्रतिशत ऊपर 24,583.80 अंक पर रहा, जो एक सप्ताह का उच्चतम स्तर है।
वृहत बाजार में मिलाजुला रुख रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.70 प्रतिशत मजबूत हुआ, जबकि स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.27 प्रतिशत गिर गया।
सार्वजनिक बैंकों, तेल एवं गैस, फार्मा, एफएमसीजी और ऑटो सेक्टरों में गिरावट देखी गयी। निजी बैंकों, रियल्टी, सूचना प्रौद्योगिकी, धातु और रसायन सेक्टरों के सूचकांक बढ़त में रहे।
एनएसई में जिन 3,560 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 1,738 के सूचकांक हरे निशान में और 1,702 के लाल निशान में रहे। अन्य 120 कंपनियों के सूचकांक अंततः अपरिवर्तित बंद हुए।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 19 के शेयरों में तेजी रही। टाइटन का शेयर 3.14 फीसदी चढ़ा। बजाज फाइनेंस में 1.93 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व में 1.15, टाटा स्टील में 1.09 और एशियन पेंट्स में 1.07 प्रतिशत की मजबूती रही। इंफोसिस, एक्सिस बैंक, ट्रेंट, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, एलएंडटी, अल्ट्राटेक सीमेंट, आईसीआईसीआई बैंक, हिंदुस्तान यूनीलिवर, बीईएल और मारुति सुजुकी के शेयर भी ऊपर बंद हुए।
नुकसान उठाने वालों में भारतीय स्टेट बैंक का शेयर 2.19 प्रतिशत गिर गया। इटरनल का शेयर 1.57 प्रतिशत, एनटीपीसी का 1.52 और आईटीसी का 1.23 प्रतिशत फिसल गया। टीसीएस, टेक महिंद्रा, भारती एयरटेल, रिलायंस इंडस्ट्रीज, पावरग्रिड और अडानी पोर्ट्स के शेयरों में भी गिरावट रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित