रायपुर , सितंबर 12 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शेयर ट्रेडिंग के जरिए मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक प्रॉपर्टी कारोबारी से करीब 96 लाख रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने कारोबारी को इंस्टाग्राम पर शेयर ट्रेडिंग से जुड़ी रील देखने के बाद वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़कर निवेश के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराई। मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है।
शंकर नगर निवासी प्रॉपर्टी कारोबारी विशाल बरड़िया ने अपनी शिकायत में बताया कि आठ अगस्त को उन्हें एक महिला के नाम से संचालित मोबाइल नंबर के जरिए 'जीएल 632-एनएएम एलीट कनेक्ट प्लेटफॉर्म' नामक वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़ा गया था। आरोपियों ने इसे नुवामा ट्रेडिंग एंड एसेट मैनेजमेंट कंपनी का प्लेटफॉर्म बताया, जबकि ग्रुप एडमिन खुद को प्रोफेसर बताता था।
शिकायत के अनुसार ग्रुप में प्रतिदिन दोपहर 2:30 बजे किसी कंपनी के शेयर खरीदने का संदेश भेजा जाता था और अगले दिन सुबह 9:15 बजे शेयर का भाव बढ़ने पर उसे बेचने के निर्देश दिए जाते थे। कारोबारी का 12 अगस्त को ट्रेडिंग रजिस्ट्रेशन कराया गया और उन्होंने 13 अगस्त से निवेश करना शुरू किया।
कारोबारी के मुताबिक तीन सितंबर तक उन्होंने करीब 96 लाख रुपए निवेश कर दिए। आरोपियों के बताए ऐप में निवेश पर मुनाफा जोड़कर करीब एक करोड़ 90 लाख रुपए की रकम दिखाई जा रही थी। उन्होंने 28 अगस्त को अपने खाते से 80 लाख रुपए निकालने का अनुरोध किया।
इसके बाद आरोपियों ने उनकी अनुमति के बिना कथित आईपीओ में 14.40 लाख शेयर खरीदने का दावा किया। इन शेयरों की कीमत करीब 3.60 करोड़ रुपए बताई गई और कारोबारी के ऐप खाते में मौजूद करीब 1.89 करोड़ रुपए फ्रीज कर दिए गए।
आरोपियों ने कारोबारी से कहा कि रकम निकालने के लिए खाते में 3.60 करोड़ रुपए पूरे करने होंगे। इसके लिए उन्हें 1.50 करोड़ रुपए के लोन का ऑफर भी दिया गया। आरोपियों ने यह दावा भी किया कि शेष रकम जमा करने पर उनका मुनाफा बढ़कर 18.74 करोड़ रुपए हो जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित