मुंबई , अगस्त 04 -- शेयरचैट और मोज के क्विक टीवी ने भारत की पहली एआई-संचालित माइक्रोड्रामा स्लेट की घोषणा करते हुए अगस्त महीने में छह नई मौलिक माइक्रोड्रामा शृंखलाएं लॉन्च करने का ऐलान किया है। कंपनी का कहना है कि यह पहल शॉर्ट-फॉर्म स्टोरीटेलिंग के क्षेत्र में नई दिशा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कंपनी ने बताया कि एआई-सहायता प्राप्त माइक्रोड्रामा 'मैं अमर हूं' की सफलता के बाद अगस्त में 'पशु सम्राट', 'बादशाह बेनकाब', 'पोर्ट का किंग', 'ओडियन', 'जादूगर राजकुमार' और 'हमारी लकी जिया' नामक छह नई शृंखलाएं विशेष रूप से क्विक टीवी पर प्रदर्शित की जाएंगी।
कंपनी के अनुसार, यह घोषणा मोहल्ला टेक की व्यापक रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत अगले एक वर्ष में एआई-आधारित माइक्रोड्रामा निर्माण, एआई प्रतिभाओं के विकास और उत्पादन क्षमताओं के विस्तार पर 100 करोड़ रुपये तक का निवेश किया जाएगा।
कंपनी ने बताया कि जून में प्रदर्शित 'मैं अमर हूं' देश की शुरुआती एआई-सहायता प्राप्त माइक्रोड्रामा शृंखलाओं में शामिल रही। इसे लाइव-एक्शन फिल्मांकन, मोशन कैप्चर, उन्नत दृश्य प्रभाव (वीएफएक्स) और जनरेटिव एआई के संयोजन वाली मिश्रित निर्माण प्रक्रिया से तैयार किया गया। इस तकनीक का उद्देश्य मानवीय रचनात्मकता का स्थान लेना नहीं, बल्कि उसे और सशक्त बनाना है, जिससे कलाकारों के वास्तविक अभिनय को भावनात्मक प्रभाव बनाए रखते हुए भव्य सिनेमाई रूप दिया जा सके।
कंपनी का दावा है कि उसके एआई-निर्मित माइक्रोड्रामा दर्शकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं और इनके 20वें एपिसोड तक दर्शकों की पहुंच (कम्प्लीशन रेट) लगभग 50 प्रतिशत तक पहुंच गई है।
नई शृंखलाओं में 'पशु सम्राट' एक साधारण किसान देव की कहानी है, जो भगवान महादेव की दिव्य शक्ति का वाहक बनकर अंधेरी शक्तियों और शत्रु राज्यों का सामना करता है। 'बादशाह बेनकाब' एक विद्वान और गुप्त योद्धा धीरेंद्र की कथा है, जो अपने राज्य को बचाने के लिए अपनी पहचान छिपाकर संघर्ष करता है।
'पोर्ट का किंग' गोवा के एक साधारण मछुआरे शिवा की कहानी है, जिसकी जिंदगी दुर्लभ समुद्री खजाने की खोज के बाद बदल जाती है और वह संघर्ष करते हुए प्रभावशाली उद्यमी बनता है। 'ओडियन' भारतीय लोककथाओं से प्रेरित कहानी है, जिसमें समर नाम का युवक रूप बदलने की शक्ति के बल पर अपने राज्य की रक्षा करता है।
वहीं 'जादूगर राजकुमार' राजकुमार रुद्रांश की कहानी है, जो अपनी जादुई शक्तियों को छिपाकर रखता है और अंततः अपने राज्य का रक्षक बनकर उभरता है। 'हमारी लकी जिया' एक भावनात्मक पारिवारिक नाटक है, जिसमें जन्मजात चमत्कारी उपचार शक्ति वाली एक बच्ची की संघर्ष, प्रेम और पुनर्मिलन की यात्रा को दर्शाया गया है।
कंपनी ने कहा कि सभी शृंखलाएं अलग-अलग कथानकों पर आधारित होने के बावजूद पारंपरिक फिल्म निर्माण और एआई-सहायता प्राप्त प्रोडक्शन तकनीक के साझा रचनात्मक दृष्टिकोण से तैयार की गई हैं। क्विक टीवी का उद्देश्य मोबाइल-प्रथम दर्शकों के लिए कम समय में भावनात्मक और मनोरंजक कहानियां उपलब्ध कराना है।
कंपनी के अनुसार, ये सभी नई मौलिक माइक्रोड्रामा शृंखलाएं पूरे अगस्त महीने में विशेष रूप से क्विक टीवी पर उपलब्ध होंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित