नयी दिल्ली , अगस्त 07 -- भारत ने दोहराया है कि बंगालादेश की निर्वासित नेता शेख हसीना के यहां आयोजित कार्यक्रम में सरकार की किसी तरह की भूमिका नहीं है और भारत बंगलादेश की सरकार के बारे में इस कार्यक्रम में व्यक्त विचारों का समर्थन नहीं करता।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को मीडिया ब्रीफिंग में इस संबंध में पूछे गये सवाल के जवाब में कहा कि भारत ने इस कार्यक्रम के आयोजन से पहले ही अपना रूख स्पष्ट कर दिया था कि यह एक निजी मीडिया संस्थान का कार्यक्रम है और इससे सरकार को कोई लेना देना नहीं है।

प्रवक्ता ने कहा ," भारत ने इस बारे में अपना रूख इस कार्यक्रम के आयोजन से पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि इसमें भारत सरकार की कोई भूमिका नहीं है और वह इसमें कही जाने वाली विशेष रूप से बंगलादेश की सरकार के बारे में कहे गये किसी भी शब्द का समर्थन नहीं करती। यह कार्यक्रम एक निजी मीडिया संस्थान ने आयोजित किया था। "उल्लेखनीय है कि सुश्री हसीना के कार्यक्रम के बाद बंगलादेश ने कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे देश की संप्रभुता का अपमान करार दिया है। भारत में निर्वासित जीवन जी रही सुश्री हसीना ने यहां विदेशी संवाददाता क्लब के एक कार्यक्रम में बंगलादेश सरकार और उन्हेंं अपदस्थ किये जाने से संबंधित घटनाक्रम तथा बंगलादेश के मौजूदा हालातों के बारे में अपने विचार रखे थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित