जैसलमर , मई 10 -- केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने जैसलमेर जिले में फलसूंड गांव में शनिवार देर रात तक ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और सुबह गांव में देसी व्यंजनों का स्वाद लिया।
श्री शेखावत ग्राम पंचायत फलसूंड में आयोजित रात्रि चौपाल में जनसुनवाई कर लोगों की समस्या को सुना और संबंधित को उनके निस्तारण के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने लोगों से संवाद भी किया। जनसुनवाई के बाद उन्होंने निवर्तमान सरपंच रतन सिंह के निवास पर रात्रि विश्राम किया। सुबह श्री शेखावत ने ग्रामीणों से मुलाकात की और स्थानीय परंपरा के अनुसार उनका पारंपरिक राजस्थानी व्यंजनों से स्वागत किया गया। कलेवे में बाजरे की रोटी के साथ राबोड़ी, केर-सांगरी, गुड़ से बना पारंपरिक व्यंजन परोसा गया।बाजरे का चूरमा, ताजा मक्खन, राबड़ी, रायता सहित कई देसी स्वादिष्ट व्यंजनों की मनुहार की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित