जैसलमेर , जुलाई 17 -- केन्द्रीय पर्यटन, कला एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने सीमावर्ती जैसलमेर जिले में के प्रत्येक क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था की सतत निगरानी रखते हुए लोगों तक समय पर पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध कराया जाने और विद्युत आपूर्ति को भी सुचारु बनाए रखने के लिए समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए हैं।

श्री शेखावत शुक्रवार को एक दिवसीय जैसलमेर प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए। उन्होंने जिले की पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं राहत प्रबंधन व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की और कहा कि आमजन को निर्बाध पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना प्रशासन और संबंधित विभागों की सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए विभागीय अधिकारी पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें ताकि किसी भी क्षेत्र में आमजन को परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल, पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे, जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी, पोकरण विधायक महंत प्रताप पुरी, फलोदी विधायक पब्बाराम बिश्नोई, समाजसेवी दलपत हिंगड़ा सहित जलदाय, विद्युत एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित