जयपुर , अक्टूबर 23 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने पूर्व उपराष्ट्रपति एवं पूर्व मुख्यमंत्री भैरों सिंह शेखावत के राजनीतिक जीवन को समर्पण, ईमानदारी और जनसेवा की मिसाल बताते हुए कहा है कि ग्रामीण विकास, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सुशासन की दिशा में उनके योगदान को सदा स्मरण किया जाएगा।

श्री देवनानी शुक्रवार को यहां विधानसभा भवन में श्री शेखावत को उनकी जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित कर रहे थे। उन्होंने श्री शेखावत को श्रद्धांजलि देते हुए कहा है कि राजस्थान के मुख्यमंत्री रहे श्री शेखावत ने प्रदेश और देश की राजनीति में अपनी अद्वितीय पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि उनका राजनीतिक जीवन समर्पण, ईमानदारी और जनसेवा की मिसाल रहा। इस अवसर पर पूर्व विधायक नरपत सिंह राजवी, श्री शेखावत के परिजन राजस्थान विधानसभा के प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा विशिष्ट सहायक के. के. शर्मा, वरिष्ठ उपसचिव नन्द किशोर शर्मा, उपसचिव सुशील शर्मा, अल्का दुआ सहित विधानसभा के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भी श्री शेखावत को पुष्पांजलि दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित