शेखपुरा , अक्टूबर 15 -- बिहार में शेखपुरा जिले के अरियरी प्रखंड की हजरतपुर मडरो पंचायत में तैनात पंचायत रोजगार सेवक प्रफुल्ल कुमार को निगरानी की टीम ने मंगलवार को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पटना से पहुंची निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने अरियरी प्रखंड कार्यालय के समक्ष कचरा निस्तारण केंद्र के पास पंचायत रोजगार सेवक को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।
इस छापेमारी का नेतृत्व निगरानी ब्यूरो, पटना के पुलिस उपाधीक्षक सतीश चंद्र माधव ने किया।
सूत्रों ने बताया कि हजरतपुर मडरो पंचायत की पंचायत समिति सदस्य जयमंती देवी के पति और रौंदी गांव निवासी बच्चू चौधरी के पुत्र श्रवण चौधरी ने गत 25 सितंबर को निगरानी थाना, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पंचायत रोजगार सेवक रौंदी गांव में चौथी चौहान के घर से सुग्रीव चौहान के घर तक मनरेगा की छह लाख रुपये की राशि से कराए जाने वाले मिट्टी कार्य और पेवर ब्लॉक बिछाने के कार्य के लिए 10 प्रतिशत यानी 60 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहे हैं।
निगरानी के पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि शिकायत की जांच के लिए निगरानी विभाग के एक अधिकारी ने गत 12 अक्टूबर को अरियरी पहुंचकर मामले की जांच की थी। जांच में आरोप सत्य पाए जाने के बाद धावा दल का गठन किया गया। मंगलवार को श्रवण चौधरी से 30 हजार रुपये लेते पंचायत रोजगार सेवक को गिरफ्तार कर लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित