इम्फाल , अगस्त 29 -- कुकी उग्रवादियों के हमले में चार नगा नागरिकों की मौत की घटना के विरोध में जारी प्रदर्शनों के बीच मणिपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-2 (एनएच-2) पर वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से जारी रही। कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शनिवार को इम्फाल-दीमापुर-गुवाहाटी मार्ग पर 19 वाहनों से 428 यात्रियों ने आवाजाही की, जिससे सेवा बहाली के बाद पहली बार एक दिन में यात्रियों की संख्या 400 के पार पहुंच गयी।

मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने इस पहल को राज्य से बाहर पढ़ने वाले छात्रों और मरीजों के लिए बड़ी राहत बताया है।

27 अगस्त की सुबह कुकी उग्रवादियों के हमले में चार नगा नागरिकों के मारे जाने के विरोध में प्रदर्शन के मद्देनजर राज्य प्रशासन कड़े सुरक्षा इंतजाम किये थे। सूत्रों के अनुसार, आठ बसों और 11 विंगर वाहनों का काफिला सुबह लगभग 10 बजे इम्फाल से रवाना हुआ।

एनएच-2 पर सार्वजनिक सड़क परिवहन सेवा बहाल होने के बाद आज पहला मौका था, जब यात्रियों की संख्या 400 के आंकड़े को पार कर गयी। यह सार्वजनिक सड़क परिवहन सेवा तीन मई 2023 को मणिपुर में भड़की जातीय हिंसा के कारण लगभग तीन वर्ष तक बंद रही थी। इसी 21 अगस्त से यह दोबारा बहाल हुई है।

इस महत्वपूर्ण राजमार्ग पर सार्वजनिक परिवहन की निरंतर आवाजाही यात्रियों के लिए सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के प्रशासन के प्रयासों को दर्शाती है। सेवा फिर से शुरू होने पर समाज के विभिन्न वर्गों ने इसकी सराहना की है और इस पहल के लिए सिंह सरकार का आभार व्यक्त किया है। पिछले एक हफ्ते में 1,700 से अधिक यात्रियों ने इस रास्ते इम्फाल से दीमापुर और गुवाहाटी की यात्रा की है। सेनापति जिले में बंद के चलते कल सार्वजनिक परिवहन वाहनों की आवाजाही स्थगित कर दी गयी थी।

गृह मंत्री अमित शाह ने इससे पहले इम्फाल-दीमापुर-गुवाहाटी बस सेवा शुरू करने और राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर निर्बाध आवाजाही सुलभ कराने की राज्य सरकार की पहल की सराहना की थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित