बारां , जुलाई 24 -- राजस्थान के बारां में गर्भवती महिलाओं को अस्पताल में सहज, सुरक्षित और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने जिले में प्रसव हेल्प डेस्क 'प्रसव सखी' की शुरुआत की है।

जिला अस्पताल बारां में सप्ताह के सातों दिन रात इसकी सेवाएं शुरू कर दी गयी हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ जगदीश कुशवाह ने बताया कि शहीद राजमल मीणा जिला अस्पताल में फिलहाल छह प्रसव सखियों को अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गयी है। जिले के अन्य चिकित्सा संस्थानों में भी शीघ्र ही प्रसव हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी।

प्रसव सखी गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण, आवश्यक जांच, उपचार एवं संबंधित वार्ड तक पहुंचाने में सहयोग करेंगी। साथ ही प्रसव पूर्व, प्रसव और प्रसवोत्तर सेवाओं के समन्वय की जिम्मेदारी भी निभाएंगी। अत्यंत जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान करके उन्हें प्राथमिकता के आधार पर विशेषज्ञ सेवाओं से जोड़ा जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित