कोलकाता , मई 04 -- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझानों में तृणमूल कांग्रेस के पिछड़ने के बीच निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को पार्टी उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं से हिम्मत न हारने का आग्रह किया है।

सुश्री बनर्जी ने जोर देकर कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में शुरुआती बढ़त की उम्मीद पहले से थी और अंतिम परिणाम तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में ही आएंगे।

सुबह से दोपहर करीब 12:30 बजे तक के रुझानों के अनुसार, भाजपा 190 से अधिक सीटों पर आगे चल रही थी, जबकि तृणमूल कांग्रेस 90 से भी कम निर्वाचन क्षेत्रों में आगे थी।

इस स्थिति को देखते हुए सुश्री बनर्जी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश के जरिए पार्टी उम्मीदवारों और काउंटिंग एजेंटों से संपर्क किया और उन्हें मतगणना केंद्रों पर डटे रहने तथा सतर्क रहने को कहा।

तृणमूल सुप्रीमो ने मतगणना प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिशों का आरोप लगाते हुए कहा कि कृपया यह सुनिश्चित करें कि कोई भी उम्मीदवार या काउंटिंग एजेंट मतगणना केंद्र न छोड़े। यह भाजपा की योजना का हिस्सा है।

सुश्री बनर्जी ने दावा किया कि उन्हें इस शुरुआती रुझान का अंदाजा पहले से था। उन्होंने कहा कि भाजपा की बढ़त पहले दिखाई देगी, जबकि मतगणना आगे बढ़ने पर तृणमूल कांग्रेस के आंकड़े बाद में सामने आएंगे।

तृणमूल नेता ने मतगणना प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए दावा किया कि कई स्थानों पर गिनती रोक दी गई है और विसंगतियां पाई गई हैं।

सुश्री बनर्जी ने केंद्रीय बलों और पुलिस पर डराने-धमकाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यालयों पर हमले किए जा रहे हैं और उन पर जबरन कब्जा किया जा रहा है।

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने दावा किया कि उनकी पार्टी वास्तव में 100 से अधिक सीटों पर आगे चल रही है, लेकिन वे आंकड़े दिखाए नहीं जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग केंद्रीय बलों की मदद से मनमाने ढंग से काम कर रहा है और राज्य पुलिस पर दबाव में काम करने के लिए मजबूर किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित