मुंबई , फरवरी 26 -- ऑटो और फार्मा सेक्टरों में लिवाली के बीच घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को प्रमुख सूचकांकों में उतार-चढ़ाव देखा गया और बीएसई का सेंसेक्स शुरुआती बढ़त गंवाकर हल्की गिरावट में बंद हुआ।

सेंसेक्स सुबह के कारोबार में एक समय 303 अंक की बढ़त में था, लेकिन दोपहर बाद 305 अंक से ज्यादा उतर गया। अंत में यह 27.46 अंक (0.03 प्रतिशत) टूटकर 82,248.61 अंक पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक उतार-चढ़ाव से होता हुआ अंत में 14.05 अंक यानी 0.06 प्रतिशत ऊपर 25,496.55 अंक पर बंद होने में कामयाब रहा।

मझौली कंपनियों में लिवाली का जोर रहा जबकि छोटी कंपनियों में बिकवाली अधिक देखी गयी। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.69 प्रतिशत चढ़ गया। निफ्टी स्मॉलकैप-50 सूचकांक में 0.01 प्रतिशत की गिरावट रही।

ऑटो, सार्वजनिक बैंक, फार्मा, स्वास्थ्य और रसायन समूहों में ज्यादा तेजी रही। एफएमसीजी, मीडिया और वित्तीय कंपनियों के सूचकांक लाल निशान में रहे।

एनएसई में कुल 3,257 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें 1,686 के शेयर बढ़त में और 1,455 के गिरावट में रहे। अन्य 116 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे।

सेंसेक्स में बीईएल का शेयर 2.21 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। अडानी पोर्ट्स का शेयर 1.45 प्रतिशत, सनफार्मा का 1.18 और मारुति सुजुकी का 1.02 प्रतिशत चढ़ा। भारती एयरटेल, भारतीय स्टेट बैंक, टीसीएस, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा स्टील, हिंदुस्तान यूनीलिवर, आईसीआईसीआई बैंक और टाइटन के शेयर भी बढ़त में रहे।

ट्रेंट का शेयर 1.79 प्रतिशत टूट गया। इटरनल में 1.54 प्रतिशत और पावरग्रिड में 1.20 प्रतिशत की गिरावट रही। एचडीएफसी बैंक, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, एनटीपीसी, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक, आईटीसी, बजाज फिनसर्व और एलएंडटी के शेयर भी लाल निशान में रहे।

वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 0.29 प्रतिशत की बढ़त में रहा। हांगकांग का हैंगसेंग 1.44 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.01 प्रतिशत गिर गया। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.45 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.18 प्रतिशत ऊपर था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित