मुंबई , फरवरी 11 -- विदेशों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच बुधवार को घरेलू शेयर बाजारों में उतार-चढ़ाव देखा गया।
आईटी कंपनियों में बिकवाली के दबाव में बीएसई का सेंसेक्स शुरुआती तेजी के बाद 40.28 अंक (0.05 प्रतिशत) गिरकर 84,233.64 अंक पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 18.70 अंक यानी 0.07 प्रतिशत की बढ़त में 25,953.85 अंक पर पहुंच गया जो 07 जनवरी के बाद का उच्चतम स्तर है।
कुल मिलाकर बाजार में निवेश धारणा मजबूत रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.15 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.02 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।
आईटी सेक्टर पर जबरदस्त दबाव देखा गया। निजी बैंकिंग सेक्टर का सूचकांक भी लाल निशान में बंद हुआ। ऑटो, सार्वजनिक बैंकों, स्वास्थ्य, फार्मा, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, तेल एवं गैस और रसायन समूहों के सूचकांक बढ़त में रहे।
सेंसेक्स की कंपनियों में टीसीएस का शेयर ढाई प्रतिशत टूट गया। इंफोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और इटरनल के शेयर एक से दो प्रतिशत के बीच टूट गये। आईटीसी, टेक महिंद्रा, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट और टाइटन के शेयर भी लाल निशान में रहे।
भारतीय स्टेट बैंक का शेयर साढ़े तीन प्रतिशत के करीब चढ़ा। मारुति सुजुकी और इंडिगो में एक से दो प्रतिशत तक की तेजी रही। ट्रेंट, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एनटीपीसी, बजाज फाइनेंस और हिंदुस्तान यूनीलिवर के शेयर भी बढ़त में बंद हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित