मुंबई , अप्रैल 06 -- विदेशों से मिले मिश्रित संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को शुरुआती गिरावट के बाद तेजी देखने को मिली और बीएसई का सेंसेक्स 787.30 अंक (1.07 प्रतिशत) चढ़कर 74,106.85 अंक पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 255.15 अंक यानी 1.12 प्रतिशत की बढ़त में 22,968.25 अंक पर पहुंच गया।
दोनों प्रमुख सूचकांकों का यह करीब दो सप्ताह का उच्चतम स्तर है।
मझौली और छोटी कंपनियों में भी लिवाली का जोर रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.55 फीसदी और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.29 फीसदी ऊपर रहा।
तेल एवं गैस और मीडिया समूहों को छोड़कर सभी सेक्टरों में लिवाली हावी रही। बैंकिंग, वित्त, रियलटी और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों के सूचकांक दो प्रतिशत से ज्यादा चढ़े। ऑटो, धातु, एफएमसीजी और आईटी समूहों में भी अच्छी तेजी रही।
सेंसेक्स की कंपनियों में ट्रेंट का शेयर आठ प्रतिशत के करीब उछल गया। एक्सिस बैंक, टाइटन, एलएंडटी और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर तीन से चार प्रतिशत के बीच चढ़े। बजाज फाइनेंस, इंडिगो, एचडीएफसी बैंक और बजाज फिनसर्व के शेयर दो से तीन प्रतिशत तक मजबूत हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित